Betul News : स्व. ओम प्रकाश सलूजा की स्मृति में अनूठा रक्तदान आयोजन, तिरंगे के साथ 108 लोगों ने दिया जीवनदान

On: December 23, 2025 6:34 AM
Follow Us:

Betul News : स्वर्गीय ओम प्रकाश सलूजा के सातवें पुण्य स्मरण अवसर पर मां शारदा सहायता समिति एवं सलूजा परिवार के संयुक्त तत्वावधान में गंज स्थित ओम मेडिकल स्टोर्स परिसर में एक प्रेरणादायक और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति और मानव सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब 108 लोगों ने एक हाथ में तिरंगा थामकर दूसरे हाथ से रक्तदान किया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने रक्तदान कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। आयोजन का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, आमला-सारनी विधायक डॉ. योगेश पंडागरे, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर तथा सलूजा परिवार के सदस्यों द्वारा स्व. ओम प्रकाश सलूजा को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात रिबन काटकर रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में पं. कान्त दीक्षित, प्रमोद अग्रवाल, राजसिंह परिहार, मंजीत सिंह सहानी, दीपक खुराना, राजू अग्रवाल और गुड्डू शर्मा ने स्व. सलूजा के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रेरक विचार रखे।

रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिविर स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पोस्टर और चित्रों के माध्यम से रक्तदान के लाभ, पात्रता और भ्रांतियों की जानकारी दी गई। इस प्रदर्शनी से प्रभावित होकर कई लोगों ने मौके पर ही रक्तदान करने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि प्रदेश में पहली बार रक्तदान को समर्पित आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति दी गई। साक्षी शर्मा, डॉ. सागर बिंझाड़े, अनंत तिवारी, भरत सूर्यवंशी, पूनम धोटे और संगीता राठौड़ सहित अन्य कलाकारों ने रक्तदान पर आधारित गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले पुरुष रक्तदाताओं को “रक्तक्रांति सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया, जबकि महिला रक्तदाताओं को “रक्त वीरांगना सम्मान 2025” प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। थैलेसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों ने स्वयं रक्तदाताओं को गुलाब भेंट कर आभार व्यक्त किया, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।

कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सच्ची देशभक्ति केवल सीमा पर ही नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा में भी निहित है। 108 रक्तवीरों और रक्त वीरांगनाओं ने तिरंगे के साथ रक्तदान कर सेवा, संवेदना और राष्ट्रप्रेम का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment