Betul ki Khaber : सकल हिंदू समाज बडोरा क्षेत्र द्वारा 4 जनवरी को अयोध्या मैरिज लॉन, आठनेर रोड पर विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ हनुमान मंदिर, मुलताई रोड से भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में भारत माता, वीर शिवाजी, रानी लक्ष्मीबाई, राम-सीता, हनुमान और वानर सेवा की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बडोरा क्षेत्र की करीब 30 मोहल्ला कॉलोनियों से मातृशक्ति, युवा, तरुणाई, बच्चे और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए, जो अयोध्या मैरिज लॉन पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुई।

कार्यक्रम स्थल पर सर्वप्रथम गौ माता का पूजन किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत गीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियां दी गईं। मातृशक्ति का उद्बोधन शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा मौसीक ने दिया। कमल किशोर सरले एवं उत्तमराव गायकवाड ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य वक्ता नरेंद्र यादव, विभाग प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नर्मदापुरम ने पंच परिवर्तन, हिंदू समाज के संगठन और जागरण पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पंच परिवर्तन का संदेश हर हिंदू तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। संगठन की शक्ति से ही समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रबोध को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने भारत के वैभवशाली इतिहास का स्मरण कराते हुए वर्तमान चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्य और धर्म के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में भारत माता की सामूहिक आरती की गई। अध्यक्ष कैलाश ठाकरे ने सभी अतिथियों, आयोजकों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में गुरु कृपा हॉस्पिटल, शतायु हॉस्पिटल और शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बैतूल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। त्रिवेणी गौशाला के गौ उत्पादों एवं सृजन भारती के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
मंचासीन अतिथियों द्वारा बडोरा क्षेत्र के स्वच्छता प्रहरी, आत्मनिर्भर मातृशक्ति, ग्राम कोटवार तथा संयुक्त परिवार हेतु चिधूंजी ढावले का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के पश्चात पारंपरिक पंगत भोज का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने परोस व्यवस्था संभाली और लगभग 5000 लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।






