Betul Ki Khabar: बैतूल–अमरावती स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ताप्ती घाट क्षेत्र में एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक बैतूल से भैंसदेही की ओर जा रहा था। घाट क्षेत्र में अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन गहरी खाई में गिर गया। हादसे की खबर मिलते ही खेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना स्थल काफी दुर्गम होने के कारण पुलिस और ग्रामीणों को खाई में उतकर चालक और परिचालक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय बैतूल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चालक राहुल पिता गुलाब कनाठे (32), निवासी भैंसदेही को मृत घोषित कर दिया। वहीं परिचालक संजू पिता नंदलाल अहाके (26), निवासी भैंसदेही की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।






