Betul Ki Khabar : ओम साईं पब्लिक स्कूल में नर्सरी छात्र से मारपीट का आरोप, महिला शिक्षक पर FIR

On: November 20, 2025 10:36 AM
Follow Us:

Betul Ki Khabar : बैतूल जिले के मुलताई स्थित ओम साईं पब्लिक स्कूल में नर्सरी कक्षा के एक तीन वर्षीय छात्र के साथ दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। बच्चे के परिजनों की शिकायत के बाद बुधवार को महिला शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

परिजनों के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को लगातार दो दिनों तक बच्चे को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। छात्र के पिता अजीत देशमुख ने बताया कि 17 नवंबर को शिक्षक ने बच्चे के सिर पर थप्पड़ मारा और पूरे दिन उसे कक्षा से बाहर खड़े रहने की सज़ा दी। परिजनों का कहना है कि अगले दिन भी यही व्यवहार दोहराया गया और मासूम को घुटने टेककर खड़ा रखा गया।

बुधवार को जब बच्चे की मां उसे लेने स्कूल पहुँची, तो बच्चा रोते हुए मिला। पूछताछ पर बच्चे ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन नाराज होकर स्कूल पहुँचे और प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। परिवार ने शिक्षक के खिलाफ कठोर कार्रवाई और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीईओ सक्षम बारमेट ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर महिला शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।

बीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही साबित हुई, तो संस्थान के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment