Betul Ki Khabar : बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 21 से 26 दिसंबर तक केंद्र सरकार के ट्राइफेड द्वारा आदि बाजार का आयोजन किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, कला और शिल्प का अनूठा संगम एक ही स्थान पर देखने को मिलेगा।
परंपरागत शिल्प और उत्पाद होंगे खास आकर्षण
आदि बाजार में मध्य प्रदेश की पहचान मानी जाने वाली महेश्वर और चंदेरी साड़ियां, बांस से बने शिल्प, सजावटी पौधे, ऊनी वस्त्र, हैंडलूम उत्पाद और वन उत्पाद लोगों को आकर्षित करेंगे।
इसके साथ ही बैतूल की विशेष भरेवा शिल्पकारी के उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
फूड फेस्टिवल भी रहेगा चर्चा में
इस वर्ष आदि बाजार में फूड फेस्टिवल विशेष आकर्षण होगा, जिसमें बाजरे से बने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजन 15 अलग-अलग स्टॉल पर परोसे जाएंगे।
आयोजन स्थल पर ट्राइफेड के 25 और एनआरएलएम के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए झूले और मनोरंजक गतिविधियों की भी व्यवस्था की जा रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम करेंगे माहौल जीवंत
हर शाम जनजातीय कलाकारों द्वारा रंगीन और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे आयोजन का माहौल पूरी तरह जीवंत और उत्सवी बनेगा।
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
बुधवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आदि बाजार का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में होगा।
कलेक्टर ने नगर पालिका को समय पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया है।
जनजातीय कार्य विभाग को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियां पूरी तत्परता से कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।






