Betul Fraud News: बैतूल जिले के सारणी क्षेत्र में म्यूचुअल फंड और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसकी एक महिला सहयोगी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में 60 लाख 70 हजार रुपए की ठगी सामने आई है, जबकि आरोपी के बैंक खातों में 5 करोड़ 73 लाख रुपए से अधिक का संदिग्ध लेनदेन पाया गया है।
पाथाखेड़ा के भगत नगर निवासी शंकरराव हुरमाडे (65) की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि शांतिनगर निवासी कैलाश खाड़े (35) ने उन्हें म्यूचुअल फंड और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किश्तों में 21 लाख 60 हजार रुपए ले लिए। बाद में न तो कोई मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने इसी तरह कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया। गजानंद झरबड़े से 8.50 लाख, कृष्णाराव गवांडे से 11 लाख, अनिल विश्वकर्मा से 18 लाख और विजय डोगरे से 4.13 लाख रुपए की ठगी की गई।

इंदौर से दबोचा गया मुख्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरोपी कैलाश खाड़े को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन ट्रेडिंग और गेमिंग में मुनाफे का लालच देकर फर्जी निवेश योजनाएं और पॉलिसियां बनाता था। ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगवाकर वह निजी खर्चों में उपयोग करता था।
महिला सहयोगी की भी गिरफ्तारी
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने कैलाश की सहयोगी आयुषी धोटें (23), निवासी ओल्ड ई सारणी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वह भी निवेश के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। दोनों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3) और 340 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और लेनदेन की गहन जांच कर रही है।






