Betul Fire News : अंबेडकर वार्ड में शॉर्ट सर्किट से किचन में लगी आग, बड़ा हादसा टला

On: January 12, 2026 11:19 AM
Follow Us:

Betul Fire News : शहर के अंबेडकर वार्ड स्थित एक मकान की किचन में सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। हादसे में घर का कुछ गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार मकान मालिक रामनाथ कन्नौजे के घर के ऊपरी हिस्से में किराएदार रहते हैं। सोमवार दोपहर किचन से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्काल इसकी सूचना रामनाथ कन्नौजे को दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाया गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मी सुनील भलावी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग की चपेट में आकर किचन में रखा गृहस्थी का सामान जल गया, वहीं खिड़कियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना में अनुमानित तौर पर कुछ हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किचन में लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे पास में लगी लकड़ी की खिड़की ने आग पकड़ ली। किचन में गैस सिलेंडर और तेल जैसी ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग के फैलने का खतरा भी बना हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर नगरपालिका उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद महेश राठौर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के समय किराएदार घर पर मौजूद नहीं थे, जिन्हें फोन कर मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से घनी आबादी वाले क्षेत्र में एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment