Betul Crime News: बैतूल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम साकादेही के पास फोरलेन हाईवे स्थित यात्री प्रतीक्षालय से एक व्यक्ति को अवैध रूप से गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 308 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साकादेही हाईवे पर एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और वहां बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखा था गांजा
पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम भीम यादव (40), पिता भजनलाल यादव, निवासी बडगी बुर्जुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे प्लास्टिक बैग से 1.308 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1123/2025 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक बसंत अहके, उत्तम मस्तकार, सउनि अरुण यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






