Betul Crime News : बैतूल में कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत का विरोध, महिला कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

On: December 30, 2025 6:49 AM
Follow Us:

Betul Crime News : उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को हाल ही में मिली जमानत के विरोध में सोमवार को महिला कांग्रेस की ओर से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष पुष्पा पेंड्राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जमानत को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुलदीप सिंह सेंगर को नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, अपहरण और न्याय प्रक्रिया में हस्तक्षेप जैसे गंभीर अपराधों में दोषी पाए जाने के बाद न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। ऐसे गंभीर अपराध में दोषी व्यक्ति को जमानत दिया जाना न केवल पीड़िता और उसके परिवार में असुरक्षा की भावना पैदा करता है, बल्कि समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास को भी कमजोर करता है।

महिला कांग्रेस का कहना है कि यह निर्णय महिलाओं की सुरक्षा और न्याय की भावना के विपरीत है। संगठन ने राष्ट्रपति से संवैधानिक हस्तक्षेप करते हुए सेंगर को दी गई जमानत तत्काल निरस्त करने की मांग की, ताकि न्याय की गरिमा बनी रहे और पीड़िता को न्याय प्रणाली पर पूर्ण भरोसा मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की पदाधिकारी सुशीला तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, कठोर कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment