Betul Crime News: जिले के सारणी थाना क्षेत्र के घोड़ाडोंगरी में दो ठगों ने ज्वेलरी शॉप मालिक को चकमा देकर 90 हजार रुपए से ज्यादा के जेवरात चोरी कर लिए। मामला रेलवे स्टेशन के पास वीडियो चौक स्थित सोनी ज्वेलर्स का है, जहां दो युवक ग्राहक बनकर आए थे।
दुकानदार गुलाब राव सोनी के अनुसार, दोनों ने पहले कछुआ अंगूठी खरीदी और इसके बाद टॉप्स देखने की मांग की। इसी दौरान एक युवक ने मौका मिलते ही 10–12 जोड़ी टॉप्स का पाउच चुपके से अपनी जेब में डाल लिया। कुछ देर बाद जब पैकेट कम मिला तो दुकान मालिक को शक हुआ और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी का सच सामने आ गया।
फुटेज में एक आरोपी भगवा गमछा डाले दुकान के अंदर दिखाई दिया, जबकि दूसरा दुकान के बाहर बाइक के पास नीली जैकेट से चेहरा छुपाता नजर आया। दुकानदार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए वीडियो भी वायरल कर दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी आम्रपाली ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए शहर के सभी कैमरों की जांच की जा रही है और संभावना है कि आरोपी बाहरी इलाके के हो सकते हैं।






