Betul Crime News : बैतूल में नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 57 कॉमन सर्विस सेंटरों की आईडी ब्लॉक

On: January 12, 2026 7:11 AM
Follow Us:

Betul Crime News : जिले में नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दिल्ली कार्यालय के निर्देश पर 57 सीएससी सेंटरों की आईडी अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दी गई है।

जिला प्रबंधक कमलेश रघुवंशी ने बताया कि बैतूल जिले में कुल 2177 सीएससी केंद्र पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 1400 केंद्र सक्रिय रूप से संचालित हो रहे हैं। हाल ही में की गई जांच में पाया गया कि कई सेंटर शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे।

जांच के दौरान सामने आया कि अनेक संचालकों ने सेंटर पर आवश्यक बैनर नहीं लगाए थे, ब्रांडिंग अपलोड नहीं की गई थी, वीएलई (ग्राम स्तरीय उद्यमी) का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था और ई-केवाईसी बायोमेट्रिक अपडेट भी लंबित था। यह सभी शर्तें सीएससी संचालन के लिए अनिवार्य हैं।

जिला प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक कॉमन सर्विस सेंटर का स्थायी स्थान होना चाहिए। साथ ही सेंटर पर मानक ब्रांडिंग, स्टेट लोगो, रेट चार्ट का प्रदर्शन और संचालक का पुलिस सत्यापन अनिवार्य है। इन शर्तों का पालन न करने पर कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई के दायरे में आए 57 सेंटर सभी निजी हैं। जिले में कई सीएससी केंद्र राशन दुकानों, पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण सोसायटी) एवं अन्य सोसायटियों से भी जुड़े हुए हैं।

हालांकि प्रशासन ने संचालकों को राहत देते हुए खामियां सुधारने का अवसर भी दिया है। आवश्यक दस्तावेज, अपडेटेड बायोमेट्रिक जानकारी और ब्रांडिंग के प्रमाण प्रस्तुत करने पर आईडी पुनः चालू की जा सकेगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि आगे केवल वही कॉमन सर्विस सेंटर संचालित किए जाएंगे जो नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से कार्य करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सही दरों पर, समय पर और बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment