विशेष अभियान में देश के कई राज्यों से लौटाई गईं गुमशुदा बालिकाएं
Betul Crime News : वर्ष 2025 बैतूल पुलिस के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। जिले से बहला-फुसलाकर या जबरदस्ती ले जाई गई 159 नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों से सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा। यह सफलता पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत मिली।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के नेतृत्व में गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की तलाश के लिए जिलेभर में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। अभियान की सतत निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी द्वारा की गई। सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ लगातार सघन खोज अभियान चलाया।
जिले और प्रदेश से 146 बालिकाएं बरामद
अभियान के दौरान बैतूल जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 128 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया गया। इसके अलावा भोपाल और छिंदवाड़ा से 4-4, इंदौर और उज्जैन से 2-2, नर्मदापुरम से 2 तथा सीधी और शाजापुर से 1-1 बालिका को खोज निकाला गया।
अन्य राज्यों से भी सुरक्षित वापसी
पुलिस ने राज्य के बाहर महाराष्ट्र के नासिक, नागपुर, औरंगाबाद, अमरावती और पुणे से भी नाबालिग बालिकाओं को बरामद किया। इसके साथ ही गुजरात, दिल्ली, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और राजस्थान जैसे राज्यों से भी कई बालिकाओं को सुरक्षित लाया गया। जांच में सामने आया कि कई मामलों में बालिकाओं को शादी या नौकरी का झांसा देकर ले जाया गया था।
तकनीक और समन्वय से मिली सफलता
बालिकाओं की तलाश के लिए पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया। साथ ही अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की गई। सभी बालिकाओं को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
सराहनीय कार्य करने वालों का सम्मान
नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पुलिस प्रशासन ने इस अभियान को मानवता और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।






