Betul Crime News : मुलताई में रेप और उससे जुड़े अश्लील वीडियो वायरल होने के मामलों पर बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को स्पष्ट संदेश दिया कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी ने कहा कि न सिर्फ वीडियो बनाने या वायरल करने वाले, बल्कि अपने मोबाइल में वीडियो सेव रखने वाले लोगों पर भी आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एसपी जैन ने बताया कि मुलताई क्षेत्र में सामने आए एक रेप मामले में पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे अपराधों को बिल्कुल भी सहन नहीं करेगी।
वीडियो रखना, भेजना—दोनों अपराध
एसपी ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि अश्लील वीडियो रखना, देखना, शेयर करना या किसी भी माध्यम से प्रसारित करना कानूनन अपराध है। यदि कोई भी व्यक्ति इस घटना से संबंधित वीडियो अपने फोन में रखता पाया गया तो उसके खिलाफ भी मुख्य आरोपी जैसी ही कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अफवाहों से दूर रहने की अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में अफवाहें न फैलाएं और न ही किसी प्रकार की गलत सामग्री को साझा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना को तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
पीड़िता की निजता का सम्मान जरूरी
एसपी जैन ने कहा कि पीड़िता की पहचान और निजता की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला पुलिस पूरे मामले में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम कर रही है।
जिलेभर में जारी इस चेतावनी से पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अश्लील सामग्री का प्रसार और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं मिलेगी।






