Betul Crime News: मुलताई। शनिवार सुबह मुलताई क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने स्कूल परिसर में खेल रही 8 साल की बच्ची को बहला-फुसलाने का प्रयास किया। बच्ची के सूझबूझ दिखाने से बड़ा हादसा टल गया और आरोपी कुछ ही घंटों में पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
लालच देकर बुलाने की कोशिश
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। बच्ची स्कूल प्रांगण में अपने साथियों के साथ मौजूद थी, तभी 18 वर्षीय युवक बूढ़ेर पांसे वहां पहुंचा। उसने पहले बच्ची को 200 रुपये देने की बात कही और फिर मेकअप का सामान दिलाने की पेशकश कर उसे अपने पास बुलाने की कोशिश की। आरोपी द्वारा किए गए आपत्तिजनक इशारों पर बच्ची घबरा गई और तुरंत पास ही मौजूद परिजनों को इसकी जानकारी दे दी।
ग्रामीणों की भीड़ देखते ही आरोपी फरार
खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने तुरंत एसडीओपी एस.के. सिंह और थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार को मामले की सूचना दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर युवक की तलाश शुरू की। कुछ ही देर की खोजबीन के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
गांव में बढ़ी चिंता, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। लोगों ने स्कूल परिसर में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और भविष्य में ऐसी हरकत करने वालों को सख्त सज़ा दी जाएगी।






