Betul Atikramana News : एसडीएम के निरीक्षण के 24 घंटे बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण, गांधी चौक–नागपुर नाका मार्ग जाम

On: January 14, 2026 7:07 AM
Follow Us:

Betul Atikramana News : नगर के गांधी चौक से नागपुर नाका तक मुख्य सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या जस की तस बनी हुई है। एसडीएम के निरीक्षण के 24 घंटे बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा है और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

मंगलवार को एसडीएम राजीव कहार, सीएमओ वीरेंद्र तिवारी, एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार सहित राजस्व, पुलिस और नगरपालिका के संयुक्त दल ने गांधी चौक से नागपुर नाका तक मार्ग का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सड़क को हर हाल में खाली रखा जाए, ताकि दमकल, एंबुलेंस और अन्य बड़े वाहन बिना किसी बाधा के निकल सकें।

हालांकि, निरीक्षण के एक दिन बाद भी जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण बना हुआ है। मुख्य सड़क पर भारी वाहन खड़े नजर आ रहे हैं, वहीं सब्जी, फल और अन्य दुकानों के अस्थायी विस्तार से सड़क और संकरी हो गई है।

स्थिति यह है कि दमकल और एंबुलेंस जैसे बड़े वाहनों की आवाजाही तो दूर, दोपहिया और छोटी चारपहिया गाड़ियों को भी निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। अतिक्रमण हटाने या अवैध पार्किंग पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

इस मामले को लेकर आमजन में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी मार्ग पर कोई आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो दमकल या एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाएगी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निरीक्षण को औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और आपात सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment