Betul Accident News: बैतूल–भोपाल मार्ग पर नीमपानी के पास सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक पुलिस सिपाही समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे। घायलों को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में पुलिसकर्मी को भोपाल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खदारा निवासी शिवरतन इवने अपनी भाभी एमवती इवने को लेकर पाढर से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार धक्का मारा। हादसे में दोनों घायल हो गए।
टक्कर मारने वाले बाइक सवार की पहचान शिवकुमार कुमरे (बैच नंबर 26) के रूप में हुई है, जो बोरदेही थाने में पदस्थ सिपाही है। बताया जा रहा है कि वह मुलताई से एक आरोपी को कोर्ट में पेश करवाकर बैतूल वापस लौट रहा था। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत भोपाल रेफर कर दिया।
इधर, स्थानीय लोगों और घायल महिला एमवती का आरोप है कि हादसा उनकी गलती से नहीं हुआ, बल्कि सिपाही ने पीछे से टक्कर मारी। महिला ने यह भी दावा किया कि दुर्घटना के समय सिपाही नशे की हालत में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।






