Betul Accident News: मुलताई–बरखेड़ रोड पर पंडरिया देव बाबा मंदिर के पास शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, बरखेड़ा निवासी बबलू (40 वर्ष) बाइक से बरखेड़ से मुलताई की ओर जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर से सावन गांव निवासी संदीप साबले (24 वर्ष) मुलताई से बरखेड़ की दिशा में आ रहे थे। मंदिर के सामने दोनों बाइकों की तेज टक्कर हो गई।
हादसा इतना गंभीर था कि संदीप साबले ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर में बबलू को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल बबलू को पहले मुलताई के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।
मृतक के भाई शेरू ने बताया कि संदीप अपनी बुलेट बाइक से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी टक्कर हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।






