Betul Accident News : बैतूल–भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शाहपुर थाना क्षेत्र के नीमपानी बाचा ढाबे के पास तेज रफ्तार कार की लापरवाही से बाइक सवार भाई-बहन पुलिया से नीचे जा गिरे। हादसे में युवक की जांघ में लोहे का सरिया आर-पार घुस गया। गंभीर हालत के बावजूद उसे उसी अवस्था में 225 किलोमीटर दूर भोपाल रेफर किया गया, जहां तक वह एम्बुलेंस में असहनीय दर्द से तड़पता रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटमी माल निवासी धर्मेंद्र उइके (29) अपनी बहन पूनम उइके (24) के साथ बाइक से पाढर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही लाल रंग की तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। संतुलन बिगड़ते ही बाइक पुलिया से नीचे गिर गई और दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिया के नीचे लगे लोहे के सरियों में धर्मेंद्र की जांघ फंस गई। सरिया पैर को चीरते हुए आर-पार निकल गया, जिससे वह मौके पर ही दर्द से तड़पने लगा। पूनम भी नीचे गिरकर घायल हो गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहपुर व पाढर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गैस कटर मंगवाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद सरिया काटकर युवक को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों घायलों को 112 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैतूल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र की हालत नाजुक बताई।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रकाश तिवारी ने बताया कि जांघ में सरिया आर-पार होने से नसों और मांसपेशियों को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका थी। मौके पर सर्जरी करना जोखिम भरा था, इसलिए माइक्रो-वैस्कुलर सर्जरी के लिए उसे भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। धर्मेंद्र को जांघ में फंसे सरिया के साथ ही करीब 225 किमी का सफर तय करना पड़ा।
उधर, बहन पूनम उइके का इलाज जिला अस्पताल बैतूल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से कार चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।







