Betul Accident News : बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां ओवरस्पीडिंग के चलते हुए भीषण सड़क हादसे में पिपरी गांव के दो युवकों की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना धंसेड विक्रमपुर-घोघरी के पास हुई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
मृतकों की पहचान पिपरी निवासी शुभम पिता कानूलाल (22) और श्याम पिता अशोक गंजाम (18) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक ही बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्याम को तत्काल घोड़ाडोंगरी अस्पताल ले जाया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घोड़ाडोंगरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद श्याम की हालत नाजुक देखते हुए उसे बैतूल जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मजदूरी करता था श्याम, एलआईसी एजेंट था शुभम
श्याम का पोस्टमॉर्टम शनिवार को बैतूल जिला चिकित्सालय में परिजनों की मौजूदगी में किया गया, जिसके बाद शव सौंप दिया गया। वहीं शुभम का पोस्टमॉर्टम घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
बताया गया है कि श्याम मजदूरी का काम करता था, जबकि शुभम एलआईसी एजेंट के लिए रुपए संग्रह करने का कार्य करता था। शुभम दो भाइयों में छोटा था और श्याम का भी एक भाई है। दोनों परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं। रानीपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे के अनुसार घटना सारणी थाना क्षेत्र की है, जबकि मृतक रानीपुर क्षेत्र के निवासी थे।






