Betul Accident News: मंगलवार देर रात मुलताई के थाना रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर चल रहे युवक को उड़ा दिया। हादसा इतने जोर का था कि युवक मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुआ है।
उत्तम जगे (26) हादसे का शिकार
घायल युवक की पहचान उत्तम जगे, निवासी कैलारस (जिला मुरैना) के रूप में हुई है। वह मुलताई में गज्जक बेचकर रोजी-रोटी कमाता है। बताया जा रहा है कि रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद कर वह घर लौटने के लिए निकला था, तभी हिंडली क्षेत्र के तीन युवक तेज रफ्तार बाइक पर आए और उसे लापरवाही से टक्कर मार दी।
सिर पर गंभीर चोट, बैतूल रेफर
टक्कर लगते ही उत्तम जोर से सड़क पर गिरा और बेहोश हो गया। सिर सहित शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने तत्काल उसे मुलताई अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए बैतूल रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि युवक की हालत अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
भागने की कोशिश, दो युवक पकड़े गए
हादसे के बाद बाइक सवार तीनों लोग मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने दो युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बाइक जप्त कर ली है और एक आरोपी की तलाश जारी है।
स्थानीय लोग गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे
थाना रोड पर लगातार हो रही तेज रफ्तार और लापरवाही वाली ड्राइविंग को लेकर स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और यातायात नियमों पर सख्ती से कार्रवाई हो, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






