Betul Accident News: बैतूल-इंदौर मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दनोरा के पास गड़ा टोल के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने बाइक चला रहे मुकेश देशमुख (46) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही NHAI की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल बैतूल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में लगी गहरी चोट और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मुकेश ने दम तोड़ दिया।

मुकेश देशमुख मूलत: धनोरा जीन के निवासी थे और खेती-किसानी का काम करते थे। बच्चों की पढ़ाई के चलते पिछले कुछ समय से वे बैतूल में रह रहे थे। हादसे के वक्त वे अकेले ही बाइक से बैतूल की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय के शवगृह में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश तेज कर दी गई है। जांच जारी है।






