Betul Accident News : शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना डॉन बॉस्को स्कूल के पास स्थित ओवरब्रिज पर हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बोरगांव डेम निवासी रोशन पिता स्व. राजीव अचारे (22) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक पंकेश उर्फ पियूष पिता कांशीराम बिसोने (17), जो 12वीं कक्षा का छात्र है, गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल पियूष को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण सोमवार सुबह उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
बस में करता था कंडक्टर का काम
ग्रामीण दीपक ने बताया कि मृतक रोशन बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था, जबकि घायल पियूष पढ़ाई कर रहा है। दोनों रविवार शाम चंडी दरबार दर्शन के लिए गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक की गति अत्यधिक तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गया।
पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






