Betul Accident News: बैतूल। रानीपुर और डैम जोड़ के बीच गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में 16 वर्षीय किशोर और एक 32 वर्षीय युवक शामिल हैं।
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक बांका शाहपुर से खोखरा जा रहे सुखलाल पांसे अपनी पत्नी संतो पांसे और जवाई राजेश काजले (32), निवासी कांटा वाड़ी, के साथ बाइक से लौट रहे थे। आम ढाना स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। दूसरी बाइक पर कुही निवासी पीयूष उईके (16) था, जो बैतूल से अपने गांव जा रहा था।
एक ने मौके पर, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीयूष उईके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश काजले को गंभीर हालत में घोड़ाडोंगरी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में सुखलाल और संतो पांसे बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात में जाम लगा, पुलिस ने कराया मार्ग क्लियर
सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को घोड़ाडोंगरी सीएचसी भेजा। दोनों का पोस्टमॉर्टम सुबह किया जाएगा। हादसे के कारण कुछ देर के लिए बैतूल–सारणी हाईवे जाम हो गया था, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
रानीपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।






