Betul Accident News : शहर के इटारसी रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑयल मिल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय सुखदेव उइके की मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिवशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बैतूल में मजदूरी की तलाश में रह रहे थे।
मृतक सुखदेव उइके साईखेड़ा थाना क्षेत्र के साबड़ी ढाना का निवासी था और फिलहाल बैतूल के एक रैन बसेरे में निवास कर रहा था। घायल शिवशंकर खेड़ी आम धाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुखदेव अपनी बाइक से इटारसी की ओर से सदर क्षेत्र की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ऑयल मिल के सामने सामने से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सुखदेव को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल शिवशंकर का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को जिला अस्पताल में कराया जाएगा।






