Betul Accident News: बैतूल: हाईवे पर गिट्टी बनी हादसों की वजह, कुछ ही देर में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त

On: December 22, 2025 8:47 AM
Follow Us:

Betul Accident News: बैतूल जिले में नागपुर–भोपाल नेशनल हाईवे पर रविवार को लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। सड़क पर फैली गिट्टी के चलते कुछ ही मिनटों के भीतर कई वाहन हादसे का शिकार हो गए। पहले एक कार पलटी, फिर उसी जगह दो कारों की भिड़ंत हो गई और दो बाइक सवार भी फिसलकर गिर पड़े। इन घटनाओं में कुल पांच लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु से मथुरा-वृंदावन जा रही एक कार अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। कार को हटाने के लिए स्थानीय लोग जुटे ही थे कि पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां भी बिखरी गिट्टी पर फिसल गईं। हालात ऐसे बने कि दो कारें आपस में टकरा गईं, जबकि दो मोटरसाइकिल सवार भी नियंत्रण नहीं रख पाए और सड़क पर गिर पड़े। कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में दिलीप चौबे (44), जुगन बाई (85), खामदेव (32), सरस्वती (55) और रामनाथ (65) घायल हुए। सभी को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हाईवे पर गिट्टी किसी डंपर से गिरी थी, जिसे समय रहते साफ नहीं किया गया। टीआई अंजना धुर्वे ने बताया कि यही गिट्टी हादसों की मुख्य वजह बनी। पुलिस ने गिट्टी फैलाने वाले डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन ने कुछ समय के लिए हाईवे को वन-वे कर दिया और रेस्क्यू अभियान चलाया। एडिशनल एसपी कमला जोशी समेत पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर मौजूद रही। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में फैली गिट्टी को हटाने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया जा सका।

यह घटना एक बार फिर हाईवे पर सामग्री ढोने वाले वाहनों की लापरवाही और समय पर कार्रवाई न होने के खतरे को उजागर करती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment