Betul Accident News : भोपाल–नागपुर नेशनल हाईवे-46 पर बरेठा घाट में रविवार को तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एएसआई की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एएसआई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मृतक की पहचान सुनीता भलावी के रूप में हुई है, जो एएसआई चिमनलाल भलावी की पत्नी थीं। दुर्घटना में चिमनलाल भलावी सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बेटे वरद खंडेलवाल की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय वरद खंडेलवाल कार में मौजूद नहीं थे। वे पहले ही दूसरी कार से भोपाल के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि ड्राइवर खाली कार लेकर उन्हें लेने जा रहा था।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार में एयरबैग खुल जाने के कारण ड्राइवर को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राले को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।






