Betul Accident News: बैतूल जिले के बैतूल–इंदौर हाईवे पर देवगांव जोड़ के समीप देर रात हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान प्रकाश मंसू उइके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से जा रहा था, तभी दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रकाश सड़क पर गिर पड़ा, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रकाश बोदी जूना वाणी का निवासी था और पास के एक वाटर पार्क में काम करता था।
परिजनों के अनुसार, प्रकाश छह भाइयों में पांचवें नंबर का था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसने पढ़ाई छोड़कर नौकरी शुरू की थी। वाटर पार्क प्रबंधन ने बताया कि प्रकाश अपने काम को लेकर काफी जिम्मेदार था और साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संभालता था।
बताया गया कि पिछले दो दिनों से पार्क में गार्ड नहीं होने के कारण प्रकाश ही गेट पर निगरानी कर रहा था। हादसे वाली रात भी वह चौकीदारी की ड्यूटी के लिए ही घर से निकला था।
खेड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश सरेआम ने बताया कि अस्पताल चौकी से मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, वहीं हादसे में शामिल दूसरे बाइक सवार की पहचान कर उसे हिरासत में लेने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।






