Betul Accident News : मुलताई। सोनौली रोड पर सोमवार शाम हुए भीषण हादसे में घायल हुए युवक प्रवीण बोबडे (पिता संतोष) ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रवीण को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारते हुए काफी दूर तक घसीटा था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम लगभग 6:45 बजे की है। खेत से घर लौट रहे प्रवीण की बाइक को अचानक तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे ट्रक के साथ करीब 15 फीट तक घिसटते चले गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से हालत नाज़ुक होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया था। वहीं इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक आरजे इंटरनेशनल लॉजिस्टिक्स का है, जिसका नंबर KA-01-AP-5783 है। यह वाहन बेंगलुरु से जयपुर की ओर जा रहा था और इसे अब्दुल मनाक चला रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सोनौली मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन लगातार खतरा पैदा कर रहे हैं और प्रशासन को जल्द स्पीड कंट्रोल व निगरानी के सख्त इंतज़ाम करने चाहिए।
मंडी प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मक्का से भरा ट्रक जब्त
दूसरी ओर, मुलताई कृषि मंडी प्रशासन ने बुधवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में बिना मंडी शुल्क चुकाए ले जाए जा रहे मक्का से भरे ट्रक को पकड़ा। जाँच में अनियमितता पाए जाने पर मंडी बोर्ड ने संबंधित व्यापारी पर 48,908 रुपये का जुर्माना लगाया, जिसे मौके पर ही वसूल कर लिया गया।






