Betul Accident : बशाहपुर थाना क्षेत्र के पोला पत्थर गांव में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक स्कॉर्पियो कार दीवार तोड़ते हुए सीधे एक मकान में घुस गई। हादसे के समय घर में सो रहे 60 वर्षीय अर्जुन सिंह ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।
घायल अर्जुन सिंह के पुत्र अंकुश ठाकुर ने इस घटना को सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित साजिश बताया है। अंकुश का आरोप है कि गांव का ही गोलू नशे की हालत में जानबूझकर स्कॉर्पियो वाहन उनके घर की दीवार पर चढ़ा लाया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले गोलू का उनके जीजा से विवाद हुआ था, उसी रंजिश के चलते उनके घर को निशाना बनाया गया।

अंकुश ठाकुर ने यह भी बताया कि उनका मकान हाईवे से काफी अंदर स्थित है, ऐसे में वाहन का सीधे घर में घुसना हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई कोशिश प्रतीत होती है। उन्होंने इसे अपने पिता की जान लेने की साजिश करार दिया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

इधर शाहपुर थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह घटना दुर्घटना थी या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा।






