Betul Crime News : बैतूल। आमला थाना क्षेत्र के बोड़खी नाका इलाके में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक रिटायर्ड रेलवे अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपए नकद और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दम्मू सूर्यवंशी रेलवे से रिटायर्ड सीनियर सेक्शन इंजीनियर हैं और वायुसेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बुधवार को वे अपनी पत्नी और बेटी के साथ बेटे को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। उनका बेटा कनाडा में नौकरी करता है।
इसी दौरान बदमाशों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। परिवार जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं।
बताया जा रहा है कि अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपए नकद और लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर मालिक अलमारी में ही चाबी छोड़ गए थे, जिससे चोरों को वारदात अंजाम देने में आसानी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़खी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नितिन उइके मौके पर पहुंचे। आमला पुलिस ने बैतूल से डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट आबिद ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फिंगर प्रिंट के नमूने लिए।
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले से परिवार की रेकी की थी और घर खाली होते ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही लोगों से घरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाहर जाते समय सतर्कता बरतने की अपील की गई है।






