PM SVANidhi Scheme : पीएम स्वनिधि योजना में बैतूल बना प्रदेश में नंबर-1, 8 हजार से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर्स को मिला ऋण

Follow Us:

PM SVANidhi Scheme : बैतूल। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में बैतूल जिले ने मध्य प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिला प्रशासन, नगरीय निकायों और बैंकर्स के संयुक्त प्रयासों से जिले ने योजना में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। खास बात यह है कि बैतूल पिछले वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहा था।

योजना के तहत जिले को मार्च 2027 तक कुल 13,333 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 13,177 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं। इनमें से 8,565 प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 8,249 स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण वितरण भी किया जा चुका है। जिले ने कुल लक्ष्य के मुकाबले 61.87 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है।

25 हजार की ऋण श्रेणी में सबसे बेहतर प्रदर्शन

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 15 हजार रुपए की ऋण श्रेणी में 6,361 लक्ष्य के विरुद्ध 3,925 हितग्राहियों को ऋण दिया गया, जो 61.70 प्रतिशत प्रगति दर्शाता है। वहीं 25 हजार रुपए की श्रेणी में जिले ने सबसे अधिक 76.18 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। इस श्रेणी में 4,249 लक्ष्य के मुकाबले 3,237 हितग्राहियों को ऋण वितरित किया गया।
इसके अलावा 50 हजार रुपए की ऋण श्रेणी में 2,723 लक्ष्य के विरुद्ध 1,087 हितग्राहियों को लाभ मिला है।

शिविर लगाकर किए जा रहे आवेदन

कलेक्टर के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों द्वारा लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के आवेदन तैयार कर बैंकों को भेजे जा रहे हैं। साथ ही बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

छोटे व्यापारियों को मिल रही मजबूती

पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे उनके व्यवसाय को मजबूती मिलने के साथ डिजिटल लेनदेन और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिला है।

सिटी मिशन मैनेजर नगर पालिका परिषद बैतूल हंसराज मसतकर ने बताया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment