Multai Fire Incident : मुलताई। प्रभात पट्टन जनपद के ग्राम चिचंडा में मंगलवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बीच बस्ती में स्थित कच्चा-पक्का मकान देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया, जिससे करीब दो लाख रुपए का नुकसान हो गया। घटना में मकान मालिक इमरतलाल सहाने का पूरा घर और गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे अचानक मकान में आग भड़क उठी। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, कपड़े, नगदी और जेवर सहित पूरा सामान जल गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका मुलताई के दोनों दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजे आग पर काबू पाया। आग बुझाने में फायर कर्मचारी धनराज पावर, विजय बडघरे, सुमित पुरी, गिरीश पिपले और मनोज सिंह की अहम भूमिका रही।
स्थानीय लोगों ने बचाई गाय की जान
आग लगने के दौरान घर में बंधी एक गाय को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
नुकसान का आकलन, जांच जारी
फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार को राहत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।






