Betul Crime News: मुलताई पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार बैलों को सुरक्षित बरामद किया गया है, जिन्हें अवैध रूप से कत्ल के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे ग्राम बिरोली झिल्पा क्षेत्र में गौवंश की अवैध तस्करी की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि दो व्यक्ति चार बैलों को पैदल पट्टन की दिशा में ले जा रहे थे। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बैलों को मोरसी ले जाने की बात कही, लेकिन वे किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे इन बैलों को महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मोरसी स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण क्रमांक 1146/25 पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें शनिवार को मुलताई न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार के साथ उप निरीक्षक दिनेश कुमरे, आरक्षक कमलेश डेहरिया, लख्मीचंद और डुमलेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने जब्त किए गए गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।






