Betul Murder Case : बैतूल। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम धामोरी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि युवक की हत्या की वजह सिर्फ उसकी एक महिला से बातचीत करना बनी। हत्या की इस वारदात को 7 नाबालिग आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया।
गौरतलब है कि 21 अप्रैल की रात उमेश सोमनाथ उर्फ गोलू का शव सावंगी रोड पर संदिग्ध हालत में मिला था। उसके पेट और गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
मां से बातचीत को लेकर थे नाराज
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी और उसका सगा भाई मृतक उमेश के उनकी मां से बातचीत करने से नाराज थे। उन्होंने पहले भी उसे चेतावनी दी थी कि वह घर आना-जाना और बातचीत बंद कर दे, लेकिन जब उसने बात नहीं मानी तो आरोपियों ने हत्या की साजिश रच डाली।
बहाने से बुलाकर सुनसान जगह पर किया हमला
योजना के तहत मुख्य आरोपी उमेश को बहाने से घर से बुलाकर सावंगी रोड पर सुनसान जगह ले गया। वहां पहले से उसके 5 अन्य साथी मौजूद थे। मौके पर दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर मुख्य आरोपी ने चाकू से उमेश के पेट और गले पर ताबड़तोड़ वार किए, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया। वारदात के बाद सभी आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
24 घंटे में 7 नाबालिग हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर महज 24 घंटे में सभी 7 नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं इतनी छोटी बात पर हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।






