पानी लेने उतरे थे नीचे, वापस चढ़ते समय हुआ हादसा; हालत गंभीर
Multai Train Accident : मुलताई रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में कुन्नूर सिटी-जयपुर एक्सप्रेस (19714) से यात्रा कर रहे एक यात्री का पैर कट गया। यह हादसा उस समय हुआ जब यात्री चलती ट्रेन में वापस चढ़ने का प्रयास कर रहा था।
घायल की पहचान वसीम खान (40) निवासी अचलपुर, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वे अपनी पत्नी साबिरा बानो (35) के साथ चांदूरबाजार से शुजालपुर की यात्रा कर रहे थे।
पानी लेने उतरे, फिर हुआ हादसा
आरपीएफ के प्रधान आरक्षक वाय.एस. चंदेल के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रेन एक स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान वसीम खान पानी लेने के लिए नीचे उतर गए। जैसे ही ट्रेन चलने लगी, उन्होंने जल्दबाजी में वापस चढ़ने का प्रयास किया।
फिसला पैर, ट्रेन की चपेट में आए
चलती ट्रेन में चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसल गया। वे ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनका एक पैर कट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेलवे स्टाफ को सूचना दी। रेलवे कर्मचारियों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रेलवे की अपील
घायल की पत्नी साबिरा बानो ने बताया कि वे अपनी बहन के घर जा रहे थे, जहां उनकी सास की तबीयत खराब थी। वहीं रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और पूरी सावधानी बरतें।






