Betul News : मेहकर के पास घायल मिले अज्ञात व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, पहचान के लिए पुलिस की अपील

On: April 17, 2026 9:34 AM
Follow Us:

Betul News : बैतूल–सारणी स्टेट हाइवे पर ग्राम मेहकर के समीप गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले एक अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस ने आम नागरिकों से उसकी शिनाख्त में सहयोग की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले स्थानीय लोगों ने मेहकर के पास एक व्यक्ति को गंभीर हालत में देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस व एम्बुलेंस को दी। इसके बाद घायल को प्राथमिक उपचार के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में उसे आईसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की टीम द्वारा लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे और उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवा दिया है और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो या उनका कोई परिचित लापता हो, तो वे तत्काल अस्पताल चौकी में संपर्क करें। इसके लिए मोबाइल नंबर 6260832771 जारी किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आम जनता के सहयोग से मृतक की पहचान जल्द होने की उम्मीद है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment