प्रभावित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास नहीं मिलने का आरोप, “जमीन के बदले जमीन” की उठी मांग
Betul News : केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी परिवारों के मुद्दे पर अब विरोध तेज होता जा रहा है। गुरुवार को मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान संगठन ने आरोप लगाया कि पन्ना और छतरपुर जिलों में चल रही इस परियोजना से सैकड़ों आदिवासी परिवार प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा, लेकिन उन्हें अब तक न तो उचित मुआवजा मिला है और न ही पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की गई है।
आदिवासी कांग्रेस के अनुसार, परियोजना शुरू करने से पहले भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। आरोप है कि ग्राम सभा की सहमति के बिना ही नियमों को नजरअंदाज करते हुए कार्य आगे बढ़ाया गया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि प्रभावित परिवार लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। कई लोग धरने पर बैठे हैं, वहीं कुछ ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है।
प्रदर्शनकारियों ने “जमीन के बदले जमीन” और परिवार के प्रत्येक सदस्य को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। साथ ही, राष्ट्रपति से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की अपील की गई।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, जिला चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. नितिन देशमुख, प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह इवने सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






