पीएच, क्लोरीन और गंदलेपन की जांच सिखाई; प्रमुख जल स्रोतों पर उपलब्ध कराई गई परीक्षण किट
Multai News : नगर परिषद मुलताई ने नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल पंप संचालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। स्वच्छ जल अभियान के तहत हुए इस सत्र में संचालकों को जल परीक्षण किट के उपयोग और पानी की गुणवत्ता जांचने की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान नगर पालिका के सब इंजीनियर योगेश अनेराव ने संचालकों को पानी के विभिन्न मानकों की जांच करना सिखाया। इसमें मुख्य रूप से पानी का पीएच स्तर, क्लोरीन की मात्रा और गंदलेपन (टर्बिडिटी) को मापने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, ताकि संचालक आसानी से नियमित जांच कर सकें।
प्रमुख जल स्रोतों पर उपलब्ध कराई गई किट
नगर पालिका द्वारा हरदौली बांध सहित नगर के सभी प्रमुख जल स्रोतों और पंपों पर जल परीक्षण किट उपलब्ध करा दी गई है। अब पंप संचालक स्वयं समय-समय पर पानी की शुद्धता की जांच कर सकेंगे। अधिकारियों ने मौके पर ही परीक्षण कर पूरी प्रक्रिया समझाई।
नियमित निगरानी से मिलेगी राहत
सब इंजीनियर ने बताया कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। नियमित परीक्षण से जलापूर्ति अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक होगी। नगरवासियों ने भी इस पहल को जनहित में एक सकारात्मक कदम बताया है।






