Multai News : मुलताई। मुलताई तहसील के ग्राम जौलखेड़ा स्थित उदासीन आश्रम राधाकृष्ण मठ मंदिर में सोमवार से 27 मार्च तक भव्य धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान श्री शतचंडी एकादश कुंडात्मक महायज्ञ, श्रीराम कथा, श्री अमरेश्वर (नर्मदेश्वर) शिवलिंग तथा श्री धूना साहब की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 श्रीमहंत धर्मप्रकाशजी महाराज के सानिध्य और अध्यक्षता में संपन्न होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को कलश यात्रा और यज्ञ मंडप प्रवेश के साथ हुई। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, भाजपा नेता नरेंद्र गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
17 मार्च को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
17 मार्च को मां ताप्ती उद्गम स्थल मुलताई से जौलखेड़ा तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 18 मार्च को श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ होगा, जबकि 19 मार्च से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। यह कथा प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलेगी।
21 से 27 मार्च तक होंगे हवन अनुष्ठान
21 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक हवन अनुष्ठान किए जाएंगे। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ, श्री महामृत्युंजय पाठ, मंडल स्थापना, मंडप पूजन और अरणि मंथन जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे। 22 मार्च को मां ताप्ती की महाआरती तथा 23 मार्च को श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित किया जाएगा।

27 मार्च को होगा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
कार्यक्रम के अंतिम दिन 27 मार्च को श्री धूना साहब और श्री अमरेश्वर शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। इसी दिन संत सम्मेलन, पूर्णाहुति, वसोर्धारा, महाआरती और महाप्रसादी भंडारे का आयोजन होगा। साथ ही श्री रामनवमी के अवसर पर विशाल भंडारा भी रखा गया है।

आयोजक समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ, श्रीराम कथा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में परिवार सहित शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।






