Multai Fire News : मुलताई। नगर में दमकल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर पालिका के दोनों फायर ब्रिगेड वाहन खराब हो जाने से आगजनी की घटनाओं के दौरान समय पर राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे जन-धन के नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के पास कुल दो दमकल वाहन हैं। इनमें से एक वाहन पहले से ही खराब होकर मरम्मत के लिए बैतूल भेजा गया है। वहीं बुधवार को सावलमेंढ़ा क्षेत्र में आग बुझाने के दौरान दूसरा वाहन भी अचानक खराब हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
आग की घटनाएं बढ़ीं, व्यवस्था जवाब दे गई
नगर में इन दिनों लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। दमकल वाहनों पर 24 घंटे काम करने का दबाव बना हुआ था। अत्यधिक उपयोग और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण अब दोनों वाहन अनुपयोगी हो चुके हैं।
आमला से बुलानी पड़ी दमकल
गुरुवार को नरखेड़ क्षेत्र में आग लगने की घटना के दौरान मुलताई में एक भी दमकल वाहन उपलब्ध नहीं था। मजबूरी में प्रशासन को आमला से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। हालांकि, वाहन के पहुंचने में देरी हुई, जिससे आग पर काबू पाने में अधिक समय लगा और नुकसान बढ़ने की आशंका बनी रही।
नए वाहन का प्रस्ताव लंबित
सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा नया फायर ब्रिगेड वाहन खरीदने का प्रस्ताव पारित किया गया है, लेकिन अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
लोगों में नाराजगी, जल्द समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आगजनी जैसी आपात स्थिति में त्वरित सहायता बेहद जरूरी होती है, लेकिन वर्तमान हालात में यह संभव नहीं हो पा रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द नया दमकल वाहन उपलब्ध कराने और खराब वाहनों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
इस स्थिति ने नगर की आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






