Multai Fire News : मुलताई क्षेत्र के ग्राम ऐनस में शनिवार रात एक खेत में आग लगने से किसान की आठ एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना में किसान दिनेश चौधरी को लगभग दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग देर रात करीब 11:20 बजे लगी, जिससे खेत में रखी पूरी फसल जल गई।
जानकारी के अनुसार किसान दिनेश चौधरी ने कुछ दिन पहले ही अपनी गेहूं की फसल कटवाकर खेत में ढेर लगाकर रखी थी। शनिवार रात अचानक खेत की ओर से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास के ग्रामीणों ने आग देख तुरंत किसान और अन्य लोगों को सूचना दी, लेकिन देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और खेत में रखी पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
सूखी फसल होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद घटना की सूचना मुलताई दमकल विभाग को दी गई, जिस पर दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुआ।

दमकल विभाग के कर्मचारी राहुल चंडालिया, विजय बडघरे और दीपक अहिरवार मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक खेत में रखी अधिकांश गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर संभावना जताई जा रही है कि किसी चिंगारी या अन्य कारण से सूखी फसल में आग लग गई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे।

इस आगजनी की घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को शासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उसे हुए नुकसान की भरपाई हो सके।






