Multai Crime News : मुलताई। थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक महिला और सात पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में की गई।
188 पाव और महुआ शराब जब्त
थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मुलताई कस्बा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से अवैध रूप से शराब बेचते हुए 9 आरोपियों को पकड़ा।
उनके पास से कुल 188 पाव और 6 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 39.840 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 17,980 रुपए बताई गई है।
लाइसेंस नहीं दिखा सके आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश बचले, मिथुन पवार, मनोज कुशवाह, इंदल लबाड, सुरेन्द्र शिवहरे, मनोज शिवहरे, राजेन्द्र और संतुलाल उइके शामिल हैं। आरोपी शराब रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मांडवी, विजय जोठे, प्रधान आरक्षक दिनेश बर्डे, सुशील धुर्वे, पुष्पा धुर्वे, आरक्षक नरेन्द्र कुशवाह, प्रिंस, विवेक और महिला आरक्षक छाया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती आगे भी जारी रहेगी।






