Multai Crime News : मुलताई में भाजपा नेता के कार्यालय समेत चार दुकानों के ताले टूटे, नकदी चोरी

On: March 16, 2026 10:07 AM
Follow Us:

Multai Crime News : मुलताई। शहर में सोमवार सुबह चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नागपुर रोड स्थित भाजपा नेता नमन अग्रवाल के मुख्य कार्यालय सहित आसपास की चार दुकानों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी चोरी कर ली। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार चोरों ने भाजपा नेता नमन अग्रवाल के कार्यालय से करीब 50 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके अलावा आसपास की अन्य दुकानों से भी नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के समय नमन अग्रवाल अपने परिवार के साथ कोलकाता गए हुए थे।

सुबह दुकानदारों ने देखे टूटे ताले
सोमवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि उसने अपने चेहरे को गमछा और टोपी से ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। आरोपी कार्यालय में घुसकर अलमारी और दराज की तलाशी लेने के बाद नगदी लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment