Multai Crime News : मुलताई। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसके नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बना लिया था। बाद में उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस ने पांढुर्णा के ग्राम मोरगोंदी निवासी 22 वर्षीय अर्जुन खापरे के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दुनावा बस स्टैंड के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
साइबर अपराध को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी की निजी जिंदगी में दखल देना और उसकी प्राइवेसी भंग करना गंभीर अपराध है। अभिभावकों से भी कहा गया है कि वे बच्चों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करें और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।






