Multai Crime News : मुलताई। मुलताई पुलिस ने तीन महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी लतिप उर्फ ललित (30) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके गांव कोंढर में दबिश देकर पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 9 जनवरी 2026 को थाना मुलताई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 दिसंबर 2025 को मुलताई मेले में आरोपी ने नाबालिग की फोटो खींच ली थी और उसे वायरल करने की धमकी दी थी।
इसके बाद 7 जनवरी 2026 को जब पीड़िता खेत जा रही थी, तब आरोपी ने फोन कर उसे घर आने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने 26 मार्च 2026 को आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे उसके गांव कोंढर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।






