MP Crime Update : नर्मदापुरम में बैतूल निवासी युवक का शव फांसी पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

On: March 17, 2026 7:51 AM
Follow Us:

MP Crime Update : नर्मदापुरम। आदमगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक मकान के आंगन में बैतूल जिले के एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मकान मालिक बद्री प्रसाद शुक्ला नींद से उठने के बाद अपने घर के पीछे स्थित आंगन में पहुंचे। वहां उन्होंने एक अज्ञात युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और तुरंत पुलिस व आसपास के लोगों को सूचना दी। जिस मकान परिसर में शव मिला, वहां मृतक की किसी से कोई पहचान नहीं थी।

आधार कार्ड से हुई पहचान
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना से उपनिरीक्षक विशाल नागवे और प्रधान आरक्षक चेतन मालवीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 33 वर्षीय हीराचंद पिता रामलाल जावरकर के रूप में की। वह मूल रूप से गोरेगांव, तहसील आमला, जिला बैतूल का निवासी था।

नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या किसी ने उसे वहां फांसी पर लटकाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

पोस्टमार्टम के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल भिजवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उपनिरीक्षक विशाल नागवे ने बताया कि जहां युवक का शव मिला, वहां उसे कोई नहीं जानता था। वह वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment