MP Accident News : मुलताई। नेशनल हाईवे-69 पर चिंचड़ा के पास मंगलवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से कोयला भरकर अलीराजपुर जा रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोयला लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक सुनील कुमार, निवासी रायपुर, ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान राजा के रूप में भी बताई जा रही है।
एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की 1033 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रहा है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।






