Crime News MP : फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और दुष्कर्म: आर्मी जवान एक साल बाद गिरफ्तार

On: April 5, 2026 11:01 AM
Follow Us:

Crime News MP : बैतूल। जिले की कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले एक आर्मी जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप धुर्वे को अमरावती जिले के वरुड़ क्षेत्र से पकड़ा गया। वह पिछले एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था।

फेसबुक से शुरू हुई पहचान, रिश्ते में बदला मामला
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में आरोपी की पहचान पीड़िता से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। उसने खुद को अविवाहित बताकर महिला से प्रेम संबंध बनाए और शादी का वादा किया। इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी उसे परतवाड़ा और बाद में मेरठ में किराए के मकान में रखता रहा, जहां उसकी डिलीवरी भी कराई गई। वर्तमान में पीड़िता का एक बेटा है।

शादी से मुकरा, पहले से विवाहित निकला
जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। जांच में सामने आया कि वह पहले से ही विवाहित है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376(2)(एन) और 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तबादलों के जरिए पुलिस से बचता रहा आरोपी
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी ने अपना तबादला मेरठ से मणिपुर के लीमाकोंग और फिर नागालैंड के जखामा पोस्ट पर करवा लिया। वह करीब एक साल तक छुट्टी पर घर नहीं आया और लगातार पुलिस से बचता रहा।

वरुड़ से दबोचा गया आरोपी
हाल ही में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से अपने घर लौट रहा है। आरोपी ने भ्रम फैलाने के लिए बस से आने की झूठी जानकारी दी, लेकिन कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने घेराबंदी कर वरुड़ क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

वैधानिक कार्रवाई जारी
पुलिस आरोपी को बैतूल लेकर आई है, जहां उससे पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment