Betul Sports News : बैतूल। जिले के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए बैतूल का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में 26 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के लिए बैतूल के 5 खिलाड़ियों का चयन मध्यप्रदेश हॉकी टीम में हुआ है।
पुरुष वर्ग में पिंटू उईके, पलास कावरे और रोहित कुमरे को टीम में जगह मिली है। वहीं महिला वर्ग में कुमारी भूमिका पांडरे और कुमारी देवश्री का चयन किया गया है। सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दो खिलाड़ियों को मिली ऑफिशियल जिम्मेदारी
इस उपलब्धि के साथ ही बैतूल के लिए एक और गर्व की बात सामने आई है। सीनियर हॉकी खिलाड़ी राकेश आथनकर और रंजीत यादव को हॉकी इंडिया द्वारा ऑफिशियल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एक साथ पांच खिलाड़ियों का चयन जनजातीय क्षेत्र में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खिलाड़ियों के चयन पर पूर्व खिलाड़ी प्रदीप खंडेलवाल, हॉकी संघ अध्यक्ष अक्षय वर्मा और सचिव जगेन्द्र सिंह तोमर सहित खेल जगत से जुड़े कई लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी है।






