Betul Shaheed Diwas : बैतूल। शहीद दिवस के अवसर पर बैतूल में ‘मेरा युवा भारत अभियान’ के तहत तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसी के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन भी हुआ। पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी और ‘माय भारत’ के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और शहर में भ्रमण करते हुए एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे आयोजन में युवाओं का जोश और सहभागिता देखने लायक रही।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

तीन दिन चले विविध कार्यक्रम
अभियान के तहत 21 मार्च को “एक योद्धा ऐसा भी” विषय पर रील प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वीर सपूतों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।
वहीं 22 मार्च को स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही शहीदों के परिजनों का सम्मान कर कार्यक्रम को भावनात्मक आयाम दिया गया।

इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रेरित करते हैं और उन्हें देश व समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने में मदद करते हैं।






